मथुरा। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रांतीय अध्यक्ष व पूर्व राज्यसभा सदस्य बनवारी लाल कंछल ने बुधवार को प्रांतीय उपाध्यक्ष कंचन लाल सराफ के यहां जिला एवं महानगर की बैठक ली। यहां उन्होंने सदस्यों से समस्याओं के बारे में जाना। तीन किताबों संघर्ष एवं सफलताएं, ट्रेड टाइगर, शहीद व्यापारी गाथाएं का विमोचन किया।
प्रांतीय अध्यक्ष ने कहा कि दिवाली, ईद, होली जैसे त्योहार के 15 दिन पहले यदि किसी व्यापारी के यहां फूड विभाग या जीएसटी विभाग की जांच टीम आती है तो उसे जिला एवं महानगर से 11-11 लोगों की व्यापारी सचल दस्ता बनाकर खदेड़ा जाए। प्रांतीय उपाध्यक्ष कंचनलाल सराफ ने कहा कि व्यापारी बिना सरकार कुछ नहीं है।
जिलाध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल व महानगर अध्यक्ष अजय चतुर्वेदी ने कहा कि व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की एक रीढ़ है। अधिकारियों को अपने व्यवहार में सुधार लाना चाहिए। जिला महामंत्री योगेंद्र चतुर्वेदी, ताराचंद्र अग्रवाल, देवेंद्र मित्तल, राजेश गोयल, नरेश शर्मा, अखिलेश मिश्रा पिंटू, एकांत गुप्ता, आशीष अग्रवाल, बालकृष्ण अग्रवाल, संजय सोडा, सुमित सोडा आदि मौजूद रहे।