फरह। अयोध्या में भगवान श्रीरामलला के भव्य मंदिर के उद्घाटन और प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में दीनदयाल धाम में बनी धूपबत्तियों की महक बिखरेगी।
बुधवार को दीनदयाल कामधेनु गोशाला समिति के पदाधिकारियों की ऑनलाइन बैठक हुई। मंत्री हरिशंकर शर्मा ने बताया श्री रामजन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से प्राण प्रतिष्ठा समारोह में पूजन के लिए देशभर से सामग्रियां एकत्रित की जा रही हैं। दीनदयाल धाम में निर्मित धूप बत्तियों का चयन भी पूजन के लिए किया गया है। धाम में बनी धूपबत्तियों को 16 जनवरी को सर्वप्रथम मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर लाकर पूजन किया जाएगा। इसके बाद परखम से इन्हें रथ में सजाकर आगरा भेजा जाएगा। जहां से कार्यकर्ता इन्हें अयोध्या ले जाएंगे।
उन्होंने बताया कि अयोध्या में श्रीराम लला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को होगी। इसके लिए एक सप्ताह पूर्व से हवन-पूजन समेत विभिन्न धार्मिक आयोजन आरंभ हो जाएंगे। दीनदयाल धाम कामधेनु गोशाला समिति समारोह के लिए धूप बत्तियों के 108 पैकेट भेजेगी। प्रत्येक पैकेट क़रीब एक किलो का होगा। ज़रूरत पड़ने पर मात्रा बढ़ाई जा सकती है। बैठक में गोशाला समिति के अध्यक्ष महेश गुप्ता, मंत्री हरीशंकर शर्मा, उप मंत्री हेमेंद्र यादव, दीनदयाल धाम स्मारक समिति के निदेशक सोनपाल एवं अधिवक्ता देवेंद्र प्रताप आदि मौजूद रहे।