- किसानों ने अधिकारियों को 11 बजे तक महापंचायत में पहुंचने का दिया समय
- भारतीय किसान यूनियन (भानु) की दो दिवसीय महापंचायत शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
वृंदावन। भारतीय किसान यूनियन (भानु) द्वारा किसानों की समस्याओं को लेकर पानीगांव में दो दिवसीय महापंचायत का सोमवार को शुरू हुई। इसमें किसानों ने केंद्र सरकार से किसान आयोग गठन करने व किसानों की कर्ज माफी का मुद्दा उठाया। वहीं मंगलवार सुबह 11 बजे तक अधिकारियों के महापंचायत में नहीं पहुंचने पर किसानों ने मांट-वृंदावन रोड को जाम कर महापंचायत करने का फैसला किया।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने केंद्र सरकार से किसान आयोग का गठन करने, कर्ज माफी, 60 वर्ष से अधिक उम्र के किसानों को 10 हजार रुपए प्रति माह जीवनयापन भत्ता और दुर्घटना से मृत्यु हो जाने पर 1 करोड़ रुपए का मुआवजा दिए जाने की मांग की है। साथ ही इन मांगों के पूरा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। महापंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि एक अक्तूबर को फिरोजाबाद से लखनऊ तक पदयात्रा निकाली जाएगी। इसका नेत़ृत्व संगठन के प्रदेश अध्यक्ष योगेश प्रताप करेंगे। लखनऊ में 11 अक्तूबर को धरना प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता हरेश ठैनुआ ने कहा कि भाकियू ने डीएम को 18 सितंबर को किसानों की बीस सूत्रीय मागों को लेकर ज्ञापन दिया था। डीएम ने आश्वासन दिया था कि संबंधित अधिकारी महापंचायत में शामिल होेकर किसानों की समस्याएं सुनेंगे, लेकिन आबकारी विभाग के डीओ के अलावा कोई अधिकारी नहीं पहुंचे। इससे किसानों में रोष है। उन्होंने कहा, मंगलवार सुबह 11 बजे तक अधिकारी महापंचायत में नहीं पहुंचे तो पानीगांव चौराहा मार्ग पर महापंचायत की जाएगी।
ये रहे मौजूद
महापंचायत में जिला अध्यक्ष देवेंद्र, यशवीर राघव, राजकुमार अग्रवाल, ठा.रीतिराम, विक्रम सिंह, जितेंद्र भरंगर, राजेश सैनी राजन सिंह, मान सिंह , क्षत्रपाल धनगर, लक्ष्मी नारायण आदि मौजूद रहे।