मथुरा। अब विवाह समारोहों में बाल श्रम कराना महंगा पड़ सकता है। श्रम विभाग व बाल कल्याण विभाग संयुक्त रूप से अभियान चलाकर शादी समारोहों में बाल श्रमिकों की खोज करेंगे। अगर शादियों में नाबालिग कहीं बैंड-बाजे बजाते मिले तो घराती व बराती दोनों पर कार्रवाई होगी। साथ ही बैंड-बाजा संचालकों पर भी कार्रवाई के साथ जुर्माना लगाया जाएगा।
अधिकारियों के मुताबिक, शहर के सभी बैंड-बाजा और कैटरिंग संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई है कि वह किसी भी हाल में 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को काम पर न रखें। इस आदेश का उल्लंघन करने पर बाल श्रम कानून के तहत कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसमें भारी जुर्माना और कारावास का प्रावधान है। इसके साथ ही जागरूकता फैलाने के लिए एक विशेष जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों, विवाह स्थलों और बैंड-बाजा संचालकों को जानकारी दी जाएगी। फिर भी यदि किसी वैवाहिक स्थल या संस्था में कोई भी नाबालिग श्रम करते पकड़ा जाता है, तो संस्था के मालिक और वर-वधू के परिवार वालों पर कार्रवाई होगी। जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चंद्र ने बताया कि शादियों का सीजन शुरू होते ही यह अभियान शुरू हो गया है। उन्होंने लोगों से बाल श्रम के प्रति सजग रहने की अपील की है।