परिवार के साथ मंगलौर से दिल्ली जा रहा युवक पत्नी को बचाने के प्रयास में ट्रेन की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पूरा परिवार बदायूं शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
बरेली के फरीदपुर निवासी हैदर (25) पुत्र अनवार अली वर्तमान में मंगलौर में रहते हैं। बदायूं में उनकी रिश्तेदारी में एक शादी थी। वे इसमें शामिल होने के लिए परिवार के साथ संपर्क क्रंाति एक्सप्रेस से मंगलौर से नई दिल्ली जा रहे थे। परिवार को दिल्ली से बदायूं जाना था।
बुधवार को सुबह संपर्क क्रांति एक्सप्रेस मथुरा में नरहौली पुल के आउटर पर रुक गई। यह देख हैदर परिवार सहित ट्रेन से उतर गए। उन्होंने सोचा यहीं से बदायूं के लिए बस में बैठ जाएंगे। ट्रेन से उतरने के दौरान सामान उतारने के चक्कर में उनकी पत्नी पीछे रह गई। इसी दौरान दूसरी लाइन पर ट्रेन आ गई।
ट्रैक पर हैदर की पत्नी खड़ी थीं। यह देख हैदर पत्नी को बचाने के लिए भागे। ट्रेन की आवाज सुनकर पत्नी तो लाइन से हट गईं लेकिन हैदर ट्रेन की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।