बीएसए कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग टेक्नोलॉजी मैनेजमेंट में परीक्षा देते बच्चे। संवाद
मथुरा। अमर उजाला नेशनल ओलंपियाड के तहत मथुरा के छात्र-छात्राओं की प्रतिभा निखारने के लिए 10 स्कूलों में लॉजिकल रीजनिंग की परीक्षा करवाई गई। इसमें सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने शरीक होकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
जिले के 10 विद्यालयों में बुधवार को आयोजित परीक्षा में कक्षा तीन से लेकर 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साह से प्रतिभाग किया। यह परीक्षा शहर से लेकर देहात तक के विद्यालयों में एक साथ आयोजित की गई। परीक्षा में लॉजिकल रीजनिंग की क्षमता को परखने के लिए खास प्रश्नपत्र तैयार किया गया था। प्रश्न पत्र को कुछ बच्चों ने आसान तो कुछ ने इसे कठिन बताया। अमर उजाला ओलंपियाड के तहत परीक्षाओं का आयोजन देशभर के स्कूलों में कराया जा रहा है। इस तरह की परीक्षाएं करने का उद्देश्य बच्चों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने में मदद करना है। प्रतियोगिता के प्रश्न नई शिक्षा नीति के तहत तैयार किए गए हैं, जिससे विद्यार्थी भविष्य की कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी मानसिक रूप से तैयार हो सकेंगे।
प्रतियोगिता के ब्रांड एंबेसडर प्रसिद्ध सिने अभिनेता आर माधवन हैं। वह छात्रों को प्रेरित करते हुए कहते हैं कि जीतने के लिए अभ्यास जरूरी है और अभ्यास के लिए जरूरी है प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करके खुद को परखने की ललक। इस प्रतियोगिता से बच्चों का ज्ञान बढ़ेगा और उन्हें अधिक प्रतिस्पर्धी प्रतियोगिताओं में खुद को साबित करने के लिए आत्मविश्वास पैदा होगा।