धौलपुर। जिले में बीते करीब बीस घंटों से रुक रुक कर बारिश हो रही है। मनियां कस्बे में मंगलवार तड़के तेज बारिश में मकान गिरने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे में घायल महिला और बच्चों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राजाखेड़ा विधायक रोहित बौहरा मनियां पहुंचे तथा पीड़ित परिवार से मुलाकात कर आवश्यक सामान के लिए 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। वहीं, बीती रात से रुक रुक कर बारिश हो रही है। तेज बारिश के कारण धौलपुर शहर में बीती रात से ही बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई। मंगलवार सुबह आठ घंटे के बाद में बिजली की आपूर्ति सुचारू की जा सकी है।
मंगलवार तड़के मनियां कस्बे में पुलिस थाने के पास स्थित हरिजन बस्ती में दो भाई अनिल एवं अर्जु का ईंट एवं पत्थरों से बना मकान भरभरा कर गिर गया। हादसे में कमरे में मौजूद अनिल (26) पुत्र महेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनिल की पत्नी रूपा (24), बहनोई मंकी (20) पुत्र नरेंद्र निवासी मुजफ्फरपुर घायल हो गए। अनिल की बहन सपना बाल-बाल बच गई। वहीं दूसरे कमरे में मौजूद अर्जुन की पत्नी रेशमा (20) और भतीजी परी (6) घायल हो गए। हादसे के दौरान अर्जुन अपनी ससुराल गया हुआ था।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची मनियां थाना पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए मृतक के शव को मनियां अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। घायलों को जिला अस्पताल भिजवाते हुए डॉक्टरों की टीम की देखरेख में उनका इलाज शुरू कराया। हादसे की सूचना मिलते ही राजाखेड़ा विधायक रोहित बौहरा मनियां पहुंचे तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता मौके पर ही उपलब्ध कराई। उन्होंने अधिकारियों को सहायता राशि के प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भिजवाने के निर्देश दिए।
188 एमएम बारिश रिकॉर्ड
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह आठ बजे तक धौलपुर में 188 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है। इसी प्रकार मनियां में 31 एमएम, सैपऊ में 62 एमएम, राजाखेड़ा में 25 एमएम, बाड़ी में 95 एमएम, बसेड़ी में 66 एमएम एवं सरमथुरा में 65 एमएम बरसात हुई है। प्रदेश के आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी सूचना में धौलपुर जिले में मेघ गर्जन के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।