मथुरा। जिले के 16 राजकीय होम्योपैथी अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी जल्द दूर होने वाली है। इनमें चिकित्सकों की तैनाती की जाएगी। अभी तक अधिकांश अस्पताल एक ही चिकित्सक के भरोसे संचालित हो रहे हैं। इससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिले में होम्योपैथी विभाग के अस्पतालों और औषधालयों में स्वीकृत पदों के सापेक्ष चिकित्सकों की संख्या कम है। मरीजों की बढ़ती संख्या के बावजूद एक-एक चिकित्सक को ओपीडी, दवा वितरण और प्रशासनिक कार्य संभालने पड़ते हैं। जिला अस्पताल में संचालित होम्योपैथी अस्पताल में भी मात्र एक चिकित्सक से काम चलाया जा रहा है।
जिला होम्योपैथी अधिकारी डॉ. गोपाल सिंह ने बताया कि शासन से निर्देश मिलने के बाद विभाग ने तैनाती की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नए चिकित्सकों की तैनाती से मरीजों को बेहतर उपचार मिलेगा। जल्द ही जिले के सभी होम्योपैथी अस्पतालों में चिकित्सकों की तैनाती कर दी जाएगी।