ठाकुर श्री बांकेबिहारी मंदिर में शनिवार को रंगभरनी एकादशी से होली का शुभारंभ हो जाएगा। शनिवार शाम ठाकुर बांकेबिहारी महाराज जगमोहन में निकल सफेद पोशाक धारण कर अपने रजत सिंहासन पर विराज भक्तों के साथ होली खेलेंगे।
मंदिर के सेवायत आचार्य प्रह्लाद बल्लभ गोस्वामी और डा. ब्रजकिशोर गोस्वामी ने बताया रंगभरनी एकादशी पर ठाकुर बांके बिहारी जी के लिए शुद्ध केसर का रंग बनाया जाता है। सेवायत सबसे पहले स्वर्ण-रजत निर्मित पिचकारी से ठाकुरजी के ऊपर रंग डालते हैं, इसके बाद होली का परंपरागत शुभारंभ होता है।
उन्होंने बताया कि टेसू के रंगों के साथ साथ चोवा, चंदन के अलावा अबीर-गुलाल से होली खेली जाती है। होली का उत्सव रंगभरनी एकादशी से शुरू होकर पूर्णिमा की शाम तक चलता है। धुलेंडी वाले दिन ठाकुरजी भक्तों पर रंग नहीं डालते बल्कि गुलाबी पोशाक पहन स्वर्ण सिंहासन पर राजा बनकर बैठते हैं और अपने भक्तों को होली खेलते देखते हैं। इसी दिन सुबह मंदिर के सेवायत क्षेत्र में चौपाई (भ्रमण) निकालते हैं। समाज गायन के साथ बधाई गीत होते हैं।
यहां होता है टेसू के रंगों का प्रयोग
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के साथ ही राधा बल्लभ, राधा सनेह बिहारी, राधादामोदर, राधाश्याम सुंदर, राधा रमण मंदिर, राधा गोपीनाथ, मदन मोहन मंदिर, यशोदानंदन धाम, गोदाहरिदेव दिव्य देश आदि मंदिरों में टेसू के रंगों का प्रयोग होता है।
रंगीली होली शोभायात्रा निकलेगी आज
वृंदावन। प्रतिवर्ष राधा बल्लभ मंदिर से निकाली जाने वाली परंपरागत प्रिया-प्रियतम की रंगीली होली शोभायात्रा मंदिर से 19 मार्च को दोपहर एक बजे से प्रारंभ होगी। शोभायात्रा में प्रिया-प्रियतम सुसज्जित रथ पर सवार होकर भक्तों संग होली खेलने के लिए नगर का भ्रमण करेंगे। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई मंदिर प्रांगण में आकर समाप्त होगी।