धर्मनगरी वृंदावन होली के रंग में रंगने लगी है। होली की उमंग और उल्लास छाया है। मंगलवार को फुलेरा दौज से वृंदावन के मंदिरों में ठाकुरजी भक्तों के साथ होली खेलने के लिए कमर में गुलाल का फेंटा बांधकर तैयार हो गए।
सप्तदेवालयों में से एक ठाकुर राधावल्लभ मंदिर में सेवायत गोस्वामियों ने फाल्गुन मास शुक्ल पक्ष की द्वितीया फुलेरा दौज से ठाकुरजी के कमर में गुलाल का फेंटा बांध दिया। श्वेत वस्त्र धारण कर ठाकुर राधा वल्लभलाल भक्तों संग होली खेलने के लिए तैयार हो गए। सेवायतों ने ठाकुरजी के सम्मुख चांदी की थालियों में कई रंग का गुलाल रख दिया।
भाव सेवा के अनुरूप शृंगार आरती के बाद सेवायत गोस्वामियों ने ठाकुर राधावल्लभ लाल के कपोल (गालों) पर गुलाल लगाया। इसके बाद एक-दूसरे को भी गुलाल लगाया। यह गुलाल भक्तों पर डाला गया।
मंदिर परिसर में राकेश मुखिया के नेतृत्व में समाज गायन के मध्य ढप बजाकर होली के पदों का गायन हुआ।
होरी सांवरौ ब्रजराज लड़ैतौ खेलन गहवर आयौ..., केसर नीर भरे कंचन घ कांवर सजि सजि लाये...। सेवायत टीकैत अधिकारी राधेशलाल गोस्वामी, मोहित मराल गोस्वामी, आनंदलाल गोस्वामी और अक्षय कुमार गोस्वामी ने बताया कि फुलेरा दौज पर ठाकुरजी भक्तों को होली खेलने के लिए बुलावा दे रहे हैं। ठाकुरजी ने फेंटा बांध लिया है।