ब्रज में होली का उल्लास छाने लगा है। नृत्य और और होली के रसिया गायन के साथ इस आनंद में ब्रज के लोग और बाहर से आ रहे श्रद्धालु डूबे नजर आने लगे हैं। इसमें भी राधारानी और नंदलाल कन्हैया के गांव बरसाना और नंदगांव की तो बात ही निराली है। यहीं से ब्रज में होली महोत्सव की शुरुआत जो होती है।
नंदगांव के कुंवर कन्हैया बरसाना में होली खेलने को लेकर तैयारी में जुटे हैं। इसी क्रम में सोमवार को नंदगांव के ग्वाल बाल कन्हैया की ननिहाल महराना में होली खेलने गए। यहां भगवान श्रीकृष्ण की नानी और मामी ने नृत्य गान की होली खेल कर कृष्ण-बलराम और उनके सखाओं को होली के खेल में प्रवीण बनाया।
महराना के यशोदा मैया मंदिर के प्रांगण में होली के रसिया गायन के साथ गोपी और ग्वालों ने नृत्य गान कर समां बांध दिया। ‘होरी के बन गए खिलार, श्याम आज घर आ गए.., मैं कैसे होरी खैलू या सांवरिया के संग, मेरी अंखियां मरी मूठ गुलाल रंग मैं रंग दई।’ आदि रसिया गाए गए।
राधाबल्लभ गोस्वामी ने बताया कि कृष्ण बलराम को होली में पारंगत और प्रवीण बनाने के लिए ठाकुर जी की नानी और मामी ने अपने साथ होली खिला कर बरसाना जाने के लिए तैयार किया है। नंदगांव से प्रमुख रूप से राधाबल्लभ गोस्वामी, एमदन पहलवान, प्रकाश चंद, विजन मास्टर, पवन कुमार, लोकेश गोस्वामी, दिनेश गोस्वामी, कन्हैया बाबा, लोकेश गोस्वामी, सुशील गोस्वामी, भुवनेश गोस्वामी मौजूद रहे।