मथुरा में नवरात्र के अवसर पर नाट्य विहार कला केंद्र, मुंबई की ओर से पांचजन्य प्रेक्षाग्रह में रविवार को सांसद हेमामालिनी ने एक बार फिर अपनी नृत्य की अद्वितीय प्रस्तुति से सभी का दुर्गा के रूप में दिल जीत लिया। दुर्गा सप्तशती पर आधारित नृत्य नाटिका में उन्होंने सती और पार्वती रूप की अद्भुत प्रस्तुति दी।
नृत्य नाटिका की शुरुआत शिव-सती कथा से हुई, जिसमें प्रेम, भक्ति और रौद्र भावों का सजीव चित्रण हुआ। दर्शक मां दुर्गा और भगवान शिव की जय-जयकार करते रहे। मंच पर दक्ष वध, शिव तांडव, बम लहरी, शिव-पार्वती विवाह और नमस्तस्यै की अद्भुत प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करती रहीं। नाट्य विहार कला केंद्र के कलाकारों ने इस नृत्य नाटिका में हिस्सा लिया और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
नाटिका में हेमामालिनी की प्रस्तुति देखने के लिए पहुंचे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का विधायक पूरन प्रकाश, ठाकुर मेघश्याम सिंह, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, पूर्व मंत्री रविकांत गर्ग, महानगर अध्यक्ष घनश्याम लोधी ने स्मृति चिह्न देकर और फूल माला पहनाकर स्वागत किया। जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह, एडीजे जोन आगरा अनुपमा कुलश्रेष्ठ, एमवीडीए के उपाध्यक्ष एसबी सिंह, सांसद प्रतिनिधि जर्नादन शर्मा आदि रहे।