भारत सरकार के विकास सलाहकार के साथ मथुरा आई सांसद हेमामालिनी ने स्थानीय स्तर पर योजनाओं में हो रही देरी के लिए अफसरों की क्लास ली। इसके बाद यमुना को हेरिटेज सिटी का चेहरा बनाने के प्रस्ताव के साथ यमुना क्षेत्र का निरीक्षण किया। नाव में बैठकर घाट भी देखे।
बीते दो दिन से मथुरा में विकास योजनाओं के लिए भ्रमण कर रही सांसद हेमामालिनी ने गुरुवार को यमुना का जायजा लिया। अपनी कार से यमुनापार क्षेत्र में पहुंची और फिर नौका में बैठकर कंस किला से बंगालीघाट तक निरीक्षण किया। यहां उन्होंने एमवीडीए के सचिव एसबी सिंह और आर्किटैक्ट मयंक गर्ग से हरिद्वार में भांति हर की पैड़ी की भांति यमुना के बीच राधाकृष्ण की प्रतिमा, ऋषिकेश की भांति पुलनुमा झूला और यमुना पार में घाट निर्माण के साथ पार्किंग की संभावनाएं तलाशीं। यह प्रस्ताव सांसद हेमा मालिनी ने हाल ही में हुई हेरिटेज सिटी की बैठक में भी दिए थे। इसी पर अमल के लिए निरीक्षण किया। इस दौरान जनार्दन शर्मा, संजय प्रताप सिंह, राजेश पिंटू, मुकेश गोस्वामी आदि मौजूद रहे।
इससे पहले सांसद ने भारत सरकार की अहम योजनाओं के विकास सलाहकार पद्मश्री डा. एन वाजपेयी की मौजूदगी में सुबह अफसरों के साथ बैठक की। यहां डीएम राजेश कुमार, सीडीओ मनीष कुमार वर्मा, एमवीडीए उपाध्यक्ष सीपी सिंह ने योजनाओं की प्रगति बताई। इसमें रावल में कम्युनिटी हॉल, सब हेल्थ सेंटर के लिए जमीन का स्वीकृति मिलना शामिल रहा। सांसद ने उनके स्तर से दिए गए प्रस्तावों में हो रही देरी पर नाराजगी भी जताई। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा और असित शंकर एडवोकेट भी मौजूद रहे।