मथुरा।ब्रज में लगातार तीसरे दिन रविवार को भी बारिश हुई। दिनभर बादल छाए रहने के बाद शाम पांच बजे करीब बारिश शुरू हुई। करीब आधे घंटे हुई बारिश ने शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति पैदा कर दी। इधर, तीन दिन की बारिश से शहर में हुए जलभराव के चलते लोग घरों से खरीदारी को नहीं निकले। अधिकांश दुकानदार भी ग्राहकों के न आने की उम्मीद को देखते हुए अपने प्रतिष्ठानों पर नहीं पहुंचे। इससे करोड़ों रुपये का व्यापार भी प्रभावित हुआ।
शहर के भूतेश्वर अंडरपास और नया बस अड्डा अंडरपास पर फिर से पानी भर गया। इधर, भैंस बहोरा में सड़क पर पानी भर गया। इससे यहां पैदल राहगीरों से लेकर वाहन चालक तक भारी परेशानी से गुजरे। वहीं, होली गेट, अंतापाड़ा, अंबाखार, सुभाष नगर, आर्य समाज रोड, छत्ता बाजार, कोतवाली रोड आदि शहर के पुराने इलाकों में पानी भरा। भूतेश्वर से लेकर कंकाली रोड, बीएसए कॉलेज रोड, नया बस अड्डा, चंद्रपुरी, आगरा-दिल्ली हाईवे के बाईपास, उद्योग एरिया, महोली रोड आदि इलाके भी जलभराव से जूझे।
टूटी सड़कों की नहीं ली सुध, अब जनता झेल रही परेशानी
शहर के नरहोली चौराहा से धौली प्याऊ होते हुए जंक्शन की ओर आने वाले मार्ग पर जगह-जगह पानी भर गया। यह सड़क पहले से कई इलाकों में टूटी पड़ी है। जलभराव होने से दो पहिया वाहन चालक इसके गड्ढों में गिरकर घायल हो गए। यही हालत महोली रोड की रही। यहां भी जलभराव के साथ ही लोगों को टूटी सड़क ने लोगों के परेशान किया।