मथुरा। कोरोना का टीका लग जाने के बाद किसी व्यक्ति की हालत बिगड़ने की स्थिति में टीकाकरण केंद्र पर विशेष जीवनरक्षक किट मुहैया रखी जाएगी। ऐसी स्थिति में प्रोफिलैक्सिस किट के साथ एडवर्स इफेक्ट फालोइंग इम्यूनाइजेशन (एईएफआई) किट भी मौजूद रहेगी। टीका लगने के आधे घंटे तक हर कोई आब्जर्वेशन रूम में रखा जाएगा।
जनपद के स्वास्थ्यकर्मियों का जिला स्तर से लेकर ब्लॉक स्तर तक अलग-अलग चरण में जो प्रशिक्षण चल रहा है, उसमें मास्टर ट्रेनर अवगत करा रहे हैं कि कैसे टीकाकरण होगा। सारी प्रक्रिया को न केवल समझा रहे हैं बल्कि यह भी अवगत कराया जा रहा है कि टीकाकरण के बाद व्यक्ति पर कैसे नजर रखी जाए। इसके बाद घर जाने पर यदि किसी व्यक्ति को कोई परेशानी होगी तो तत्काल एंबुलेंस की मदद से उसे विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम के पास लाया जाएगा।
वैक्सीन इंट्रा मस्क्यूलर होगी। पहली डोज लगने के 28वें दिन दूसरी डोज लगाई जाएगी। कोरोना वायरस से निजात पाने को होने वाले टीकाकरण के लिए मथुरा के स्वास्थ्य विभाग में युद्ध स्तर पर जो तैयारी चल रही है। उसी के तहत कोरोना वैक्सीन के लिए नया कोल्ड चेन रूम का निर्माण हो गया है। दो आइस लाइन रेफ्रीजरेटर (आईएलआर) भी मुहैया कराए गए हैं। मथुरा में कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाने को लेकर पूरी रूपरेखा तैयार कर ली गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों को जनवरी के पहले सप्ताह में कोरोना वैक्सीन आने का इंतजार है।
- पहले कोल्ड चेन रूम का निर्माण कार्य पूरा करने को लेकर 30 दिसंबर तक का लक्ष्य निर्धारित किया है। जनवरी के पहले सप्ताह में हम लोगों को वैक्सीन मुहैया हो जाएगी। - डॉ. भूदेव, क्यूआरटी प्रभारी।
- वैक्सीनेशन को लेकर कर्मचारियों की सूची तैयार की है, जिसमें 315 सरकारी तथा 2200 निजी कर्मचारी शामिल हैं। सरकार के जिस तरह से आदेश प्राप्त होंगे। उसी तरह से कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। - डॉ. राजीव गुप्ता, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी व एसीएमओ।