मथुरा। एक सप्ताह से तापमान में हो रहे उतार-चढ़ाव का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ने लगा है। जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या में वृद्धि दर्ज की जा रही है। रविवार को ओपीडी बंद होने के बाद भी 50 से अधिक मरीज इमरजेंसी में उपचार कराने के लिए पहुंचे।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. नीरज अग्रवाल ने बताया कि मरीजों में सबसे अधिक संख्या वायरल बुखार, खांसी-जुकाम, सिरदर्द, चक्कर और कमजोरी से पीड़ित लोगों की है। तेज धूप और लू के थपेड़ों के कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं।
अस्पताल के वार्डों में भी मरीजों की संख्या बढ़ रही है। कई मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेजा जा रहा है जबकि गंभीर मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. रवि माहेश्वरी ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर के समय घर से बाहर न निकलें। अधिक से अधिक पानी और तरल पदार्थों का सेवन करें तथा ताजा और हल्का भोजन करें।