मथुरा। सुबह-शाम ठंड और दोपहर में तेज गर्मी के कारण मौसमी बीमारियों के मरीज बढ़ रहे हैं। नवजात और छोटे बच्चों में सर्दी-जुकाम, खांसी और सांस से संबंधित समस्याएं सामने आ रही हैं।
महिला और जिला अस्पताल की ओपीडी में पिछले कुछ दिन से बच्चों को लेकर पहुंचने वाले अभिभावकों की संख्या में वृद्धि हुई है। चिकित्सकों के अनुसार नवजात बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने के कारण वह मौसम के बदलाव से जल्दी प्रभावित हो रहे हैं। महिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि दिन और रात के तापमान में बदलाव से वायरल संक्रमण फैल रहा है। ऐसे में सावधानी बरतने की आवश्यकता है। नवजात और बच्चे के शरीर का तापमान एक जैसा रखें। सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनाएं, ठंडी चीजों से बचाएं और भीड़ वाली जगहों पर ले जाने से परहेज करें। यदि बच्चों में बुखार, खांसी या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत डॉक्टर से परामर्श लें। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. नीरज अग्रवाल ने बताया कि बदलते मौसम में सुबह व शाम गर्म कपड़े पहनें। दोपहिया वाहन चालक अधिक सावधानी बरतें।