थाना गोविंद नगर क्षेत्र के भूतेश्वर इलाके में एक हार्डवेयर कारोबारी के यहां उधारी लेने आए अलीगढ़ के कारोबारी को गंभीर चोट लगी। अस्पताल में उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में परिवारीजनों ने हार्डवेयर कारोबारी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अलीगढ़ के थाना देहलीगेट की लक्ष्मणपुरम कालोनी निवासी अनुभव गुप्ता पुत्र ऋषि कुमार गुप्ता का हार्डवेयर का कारोबार था। मथुरा में भूतेश्वर स्थित कमला हार्डवेयर नामक शोरूम पर वह माल सप्लाई करते थे। इसके मालिक विपुल कुमार का शोरूम के ऊपर ही आवास बना हुआ है।
बुधवार दोपहर को अनुभव गुप्ता माल की उधारी की रकम वसूलने और अन्य सामान का आर्डर लेने वहां पहुंचे थे। बुधवार को अपराह्न तीन बजे शोरूम में उनको सिर में चोट लगी। विपुल और कर्मचारी उन्हें माहेश्वरी अस्पताल ले गए। बताया गया कि वजनी सामान गिरने या प्रहार आदि होने से उनके सिर पर गहरा घाव था। अस्पताल में उपचार के दौरान अनुभव की मौत हो गई।
विपुल कुमार का कहना है कि ऊपर बने गोदाम से प्लाईवुड की सीट अनुभव के सिर पर गिरी और वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वह अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
वहीं पोस्टमार्टम गृह पर उपस्थित अनुभव के भाई अमित और चाचा सत्यप्रकाश ने विपुल पर हत्या का आरोप लगाया। उन्होंने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि कमला हार्डवेयर वालों पर कोई ज्यादा बड़ी रकम उधार नहीं थी। अनुभव हर हफ्ते मथुरा में कमला हार्डवेयर वालों के यहां आता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।