मथुरा। कोतवाली क्षेत्र के होलीगेट के निकट स्थापित हनुमान जी की मूर्ति के चबूतरे को शरारती तत्वों ने तोड़ दिया। चबूतरा तोड़े जाने से लोगों में आक्रोश छा गया और वे धरने पर बैठ गए।
कोतवाली क्षेत्र में आगरा रोड पर अप्सरा पैलेस के निकट वटवृक्ष के नीचे बने चबूतरे पर हनुमान जी की मूर्ति स्थापित थी। अप्सरा पैलेस में खड़े होने वाले वाहनों के चालक व आसपास के लोग हनुमान जी की पूजा-अर्चना करते रहे हैं। मंगलवार देर रात्रि शरारती तत्वों ने चबूतरा तोड़ दिया और मूर्ति गायब कर दी।
बुधवार सुबह आसपास के लोगों को इसकी जानकारी हुई तो लोगों में रोष पनप गया और मूर्ति स्थापित कराने और चबूतरा बनाने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। स्थानीय चालक राजू, रामवीर सिंह, लड्डू ने बताया कि दो साल पहले भी इसी वटवृक्ष में दो बाइक सवार शरारती तत्वों ने तेजाब उड़ेला था। जैसे तैसे वृक्ष को बचाया गया। अब फिर से इसी तरह की हरकत की है।