थाना हाइवे क्षेत्र की कन्हैयाकुंज कालोनी में किराए पर रह रहे गुजरात राज्य में हत्या, लूट के आरोपी को गुजरात और हाईवे पुलिस ने दबिश देकर दबोच लिया। गुजरात पुलिस की सुपुर्दगी में आने पर हत्यारोपी के भागने का प्रयास करने पर पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी। मामूली रूप से घायल आरोपी को पुलिस अपने साथ ले गई।
अहमदाबाद में हत्या और लूट कर भागे मध्य प्रदेश के मुरैना के गांव शिवायलपुर निवासी विजय उर्फ विकास उर्फ प्रशांत मथुरा हाईवे थाना क्षेत्र में कन्हैयाकुंज कालोनी में रह रहा था। इस मामले की विवेचना क्राइम ब्रांच अहमदाबाद से हो रही है। अहमदाबाद क्राइम बांच शुक्रवार को मथुरा आई और हाईवे पुलिस को साथ लेकर कन्हैयाकुंज कालोनी में दबिश दी। रात 8:30 बजे दी गई दबिश मेें विजय को पुलिस ने पकड़ लिया और हाईवे पुलिस ने उसे गुजरात पुलिस के सुपुर्द कर दिया। जैसे ही गुजरात पुलिस विजय को ले जाने लगी तभी विजय ने दौड़ लगा दी। इस पर गुजरात पुलिस ने उस पर फायर कर दिया। इससे गोली उसके पैर को छूते हुए निकल गई और वह घायल होकर गिर गया।