वृंदावन। नगर के एक गेस्टहाउस संचालक पर मथुरा की एक युवती ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि जब पीड़िता द्वारा शादी करने को कहा तो आरोपी ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी है। पीड़िता ने आरोपी के विरुद्ध वृंदावन कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
मथुरा के कृष्णा नगर पुलिस चौकी क्षेत्र निवासी युवती ने कोतवाली में दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि उसका संपर्क मूलरूप से छाता के सेई एवं हाल निवासी राधाफ्लॉरेंस निवासी हेमंत सिसौदिया से हुआ। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी गेस्टहाउस संचालक शादी का झांसा देकर उसक साथ शारीरिक शोषण करता रहा। जब गर्भ ठहर गया तो उसने गर्भपात करा दिया। जब पीड़िता ने उससे शादी करने को कहा तो पहले तो वह टालता रहा।
बाद में आरोपी ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। इस पर पीड़िता मथुरा में एक महिला पुलिस अधिकारी से मिली और व्यथा सुनाई। इसके बाद पीड़िता ने वृंदावन कोतवाली में शिकायत की। सीओ सदर वरुण मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर गेस्टहाउस संचालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।