आखिरकार एक बार फिर गांव की सरकार बन गई है। ग्राम पंचायत के चुनाव के बाद रविवार को ब्लाक मुख्यालय पर ग्राम पंचायत गठन के लिए शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। यहां जनपद के 420 प्रधानों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। सदस्यों ने भी शपथ ग्रहण की।
इस दौरान ब्लाक मुख्यालयों पर मेला सा नजर आया। ग्राम प्रधान शपथ ग्रहण लेने के लिए समर्थकों के साथ ब्लाक मुख्यालय पर पहुंचे। मथुरा ब्लाक में 75 ग्राम पंचायत में से 66 के प्रधानों ने शपथ ली।
शपथ एडीओ पंचायत ओमप्रकाश दीक्षित ने कराई। मथुरा ब्लाक में सदस्यों को शपथ नहीं दिलाई गई। सदस्यों का शपथ ग्रहण ग्राम पंचायत की पहली बैठक में होगा।
चौमुंहा में 35 ग्राम पंचायत गठित
चौमुंहा। ब्लाक सभागार में बीडीओ ओमप्रकाश यादव ने 41 नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों में से 35 प्रधानों और 236 ग्राम पंचायत सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
ग्राम पंचायत परखम गूजर, बसई बुजुर्ग, बाजना, बरौली, डिरावली और बझेरा में ग्राम पंचायत का पूरा गठन न होने के कारण यहां के प्रधानों और सदस्यों को शपथ नहीं दिलाई जा सकी।
मांट। मांट ब्लाक के सभागार में क्षेत्र के नव निर्वाचित 43 प्रधानों में से 31 प्रधानों को शपथ दिलाई गई। बीडीओ गोविन्द सिंह चाहर ने शपथ दिलाई। प्रधानों की पहली बैठक अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों में 26 दिसंबर को होगी। इस मौके पर एडीओ पंचायत देवीपूजन सहित सभी ग्राम पंचायत अधिकारी मौजूद रहे।
राया। राया ब्लाक सभागार में 68 में से 39 नवनिर्वाचित प्रधानों और सदस्यों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। बाकी प्रधान पंचायत समिति का गठन न होने से शपथ लेने से वंचित रह गए। एडीओ जेपी शर्मा ने प्रधानों को शपथ दिलाई। ग्राम पंचायत अधिकारी भीष्म नारायण सिंह, बनबारी लाल प्रभारी बीडीओ, जगदीश शर्मा आदि उपस्थित रहे।
फरह। ब्लाक की 55 ग्राम पंचायतों में से 41 पंचायतों के प्रधानों को बीडीओ गौरवेन्द्र सिंह और एडीओ संतोष कुमार ने शपथ दिलाई। 14 प्रधानों को पंचायत सदस्यों के पूर्ण बहुमत के अभाव में शपथ नहीं दिलाई गई।
गोवर्धन। ब्लाक के चौ. चरण सिंह सभागार में 44 ग्राम प्रधानों में से 34 प्रधानों को बीडीओ राजपाल सिंह यादव ने शपथ दिलाई। गांव भगौसा, सकरवा, मल्हू, सौसा, रसूलपुर, पैंठा, मलसराय, जानू,
कौंथरा, दौलतपुर के प्रधानों और सदस्यों को शपथ नहीं दिलाई गई। तहसीलदार बृजपाल सिंह यादव, सपा नेता मुकेश सिकरवार, प्रधान मेघश्याम सिंह, डा. राजपाल सिंह आदि उपस्थित रहे।
छाता में 47 प्रधान, 360 सदस्यों ने ली शपथ
छाता। ब्लाक सभागार में 47 नवनिर्वाचित प्रधानों और 360 सदस्यों को बीडीओ डॉ. अजीत कुमार ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। ब्लाक प्रमुख महेन्द्र चौधरी, रामधन गुर्जर, मोहन श्याम सिंह, छाता चेयरमैन भगवती देवी, पूर्व चेयरमैन जगपाल चौधरी आदि उपस्थित रहे।
बलदेव में 45 को दिलाई शपथ
बलदेव। ब्लाक के सभागार में 45 नवनिर्वाचित प्रधानों को डीडीओ व बीडीओ उमेश त्यागी ने शपथ दिलाई। एडीओ पंचायत मुकेश कुमार, देवेन्द सिंह, कढ़ेरू सिहं प्रधान आदि उपस्थित रहे। 15 ग्राम प्रधानों को शपथ नहीं दिलाई गई।
नंदगांव में 28 ने ली शपथ
नंदगांव। ब्लाक के सभागार में बीडीओ शिव प्रताप प्रवेश ने 28 प्रधानों और 349 सदस्यों को शपथ दिलाई। ब्लाक की रीठौरा, सांचौली, बदनगढ़, खरौट, भड़ौखर, ऊंचागांव, मानपुर, चिकसौली, डभाला, रांकौली ग्राम पंचायतों में नव निर्वाचित सदस्य शपथ नहीं ले सके।
नौहझील में 54 ग्राम पंचायतों का हुआ गठन
नौहझील। ब्लाक की 67 ग्राम पंचायतों में से 54 नवनिर्वाचित प्रधानों को बीडीओ खजान सिंह ने शपथ दिलाई। 661 ग्राम पंचायत सदस्यों में से 40 फीसदी सदस्यों ने शपथ ली। एडीओ पंचायत राममूर्ति शर्मा, ग्राम पंचायत अधिकारी कल्यान सिंह, दिनेश कुमार, राजू मौजूद रहे।