थाना शेरगढ़ के गांव सैनवा में शनिवार को मतदान के दौरान प्रधान पद के दो प्रत्याशी और उनके समर्थक भिड़ गए। फायरिंग में एक प्रत्याशी को गोली लगी और वह घायल हो गया। इसके बाद समर्थकों ने पुलिसकर्मियों से राइफल छीन लीं और उन्हें पीटा। एक दरोगा का सिर फोड़ दिया।
बवाल के चलते एक घंटे तक बूथ पर मतदान बाधित रहा। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों और पीएसी की मौजूदगी में वोट डाले गए। पुलिस ने घायल प्रत्याशी को गिरफ्तार कर लिया है। सेक्टर मजिस्ट्रेट ने दो प्रत्याशी सहित तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
चौमुंहा ब्लाक के गांव सैनवा में कुल 3600 वोट हैं। इसमेें 600 वोट एक जाति और 3000 वोट दूसरी जाति के हैं। गांव से प्रधान पद के लिए राजेश पहलवान, साधना शर्मा, प्रेमचंद, बबलू आदि प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। शनिवार को सुबह नौ बजे प्राथमिक विद्यालय सैनवा स्थित मतदान केंद्र पर कुछ किशोर वोटर पर्ची और पहचान पत्र लेकर वोट डालने पहुंचे। उन्हें वोट देने से रोकने के लिए राजेश पहलवान और साधना शर्मा के समर्थकों से टकराव हुआ। बताया गया है कि 9:30 बजे एक वोटर बिना पहचान पत्र के बूथ पर वोट डालने पहुंचा तो उसे साधना समर्थकों ने रोक दिया। राजेश पहलवान पक्ष के लोग उसका वोट डलवाने पर आमादा था।
मामला पीठासीन अधिकारी के पास पहुंचा तो पीठासीन अधिकारी ने भी वोट डलवाने से मना कर दिया। आरोप है कि इस पर प्रत्याशी के समर्थकों ने पीठासीन अधिकारी को धक्का दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। पुलिस बीच-बचाव के लिए आई तो समर्थक उनसे भी भिड़ गए। इस दौरान चली गोली राजेश पहलवान की जांघ में लगी। इसके बाद समर्थकों की भीड़ ने सिपाहियों की राइफल और कारतूस छीन लिए। भीड़ ने सिपाही, दरोगा और होमगार्ड की जमकर पिटाई की। इससे मतदान केंद्र पर भगदड़ मच गई और लोग बिना वोट डाले भाग गए।
सूचना पर सेक्टर मजिस्ट्रेट वीरपाल सिंह, एसपी देहात अजय कुमार, एसडीएम छाता राम अरज यादव, सीओ छाता पीयूष कुमार सिंह, क्लस्टर दस्ता और अन्य अधिकारी पीएसी के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक प्रत्याशियों के समर्थक भाग गए थे। इसके बाद अधिकारियों और पीएसी की मौजूदगी मतदान संपन्न कराया गया। पुलिसकर्मियों से छीनी राइफल गांववासियों के हस्तक्षेप के बाद वापस मिल गईं लेकिन 15 कारतूस गायब थे। मामले में सेक्टर मजिस्ट्रेट ने प्रधान पद के दो प्रत्याशी राजेश पहलवान, बबलू और संजय नाम के व्यक्ति के खिलाफ थाना शेरगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई है। तीनों पर पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा और सरकारी हथियार छीनने का आरोप है।
गड़बड़ी के विरोध पर हुआ बवाल: राजेश
गोली लगने से घायल हुए सैनवा के प्रधान पद के प्रत्याशी राजेश शर्मा का आरोप है कि मतदान कें द्र पर साधना शर्मा के समर्थन में गड़बड़ी कराई जा रही थी। उन्हें बूथ से बाहर निकालने के दौरान समर्थकों में मारपीट हुई। उसी दौरान गोली चली। राजेश ने कहा कि गोली किसने चलाई यह पता नहीं है। मामले मेें पुलिस ने राजेश पहलवान को माहेश्वरी अस्पताल मेें इलाज के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। अस्पताल में गोविंद नगर पुलिस की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है।
सैनवा में मतदान के दौरान हुए झगड़े में राजेश पहलवान को गोली लगी है। प्रधान प्रत्याशियों और समर्थकों द्वारा पुलिस पर हमला, राइफल और कारतूस लूटने के मामले में तीन लोगों को नामजद किया है। पुलिसकर्मियों के 15 कारतूस गायब हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीओ छाता और एसओ शेरगढ़ के नेतृत्व में दो टीम दबिश दे रही हैं।
अजय कुमार पांडेय
एसपी देहात