अन्य साढ़ुओं को कार्ड देने से था गुस्से में
प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार मिश्र ने बताया कि 21 नवंबर को इगलास निवासी विनोद कुमार द्वारा तहरीर दी गई थी कि उसके पिता ओमप्रकाश की हत्या उसके बहनोई सुखवीर द्वारा कर दी गई है। उक्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सुखवीर निवासी खैराबाद नगरिया थाना बरला जनपद अलीगढ़ अपने साले अरविंद की शादी में आमंत्रित न किए जाने और अन्य साढ़ुओं को शादी का कार्ड दिए जाने से नाराज था। इसी रंजिश के चलते वह शादी वाले दिन गोवर्धन आया और अपने ससुर ओमप्रकाश को अकेला पाकर चाकू से गला काटकर उनकी हत्या कर दी।
चाकू बरामद
घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर थाना पुलिस एवं एसओजी टीम द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी सुखवीर को बम्बे वाली पटरी के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू एवं घटना के समय पहनी गई जैकेट बरामद की गई है। पुलिस द्वारा बरामदगी के आधार पर मुकदमे में सुसंगत धाराओं की वृद्धि करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।