वृंदावन से भागवत भक्ति की अलख जगाने निकले प्रसिद्ध भागवत प्रवक्ता देवकीनन्दन ठाकुरजी महाराज ने इंदौर में कथा श्रवण को आए भक्तों के साथ एक नया इतिहास रच दिया।
श्रीमद्भागवत कथा में सातवें दिन मंगलवार को 110000 हजार से ज्यादा श्रोताओं ने एक साथ ‘ऊॅं नमो भगवते वासुदेवाय’ मंत्र के उच्चारण के साथ ताली बजाकर और हरि भजन पर नृत्य कर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में नाम दर्ज कराया है।
विश्वशांति सेवा धाम के पीआरओ जगदीश वर्मा ने बताया कि इंदौर के दशहरा मैदान में हुए इस आयोजन में देवकीनन्दन ठाकुरजी महाराज को सुनने श्रोताओं की भारी भीड़ उमड़ रही थी।
सोमवार को गोल्डन बुक के अधिकारियों ने कथा आयोजक किशोर वाधवानी और देवकीनंदन से मुलाकात की। मंगलवार को श्रेणीबद्ध तरीके से कथा में सम्मिलित होने आए श्रद्धालुओं की गिनती की गई।
कथा के मध्य नाम संकीर्तन के क्रम में एक लाख से ज्यादा भक्तों ने एक साथ ताली बजाते हुये ‘ऊँ नमो भगवते वासुदेवाय’ मंत्र का उच्चारण किया। इसके बाद देवकीनन्दन ठाकुरजी महाराज के गाए भजन पर एक साथ नृत्य कर दो वर्ल्ड रिकार्ड अपने नाम कर लिए।
कथा स्थल पर पहुंचे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड्स के कोआर्डिनेटर (सेंट्रल इंडिया) डॉ. राजेन्द्र कुमार दुबे ने शाम को भागवत प्रवक्ता ठाकुरजी महाराज और इंदौर महापौर मालिनी गौड़ के साथ मंच से इन वर्ल्ड रिकार्ड की पुष्टि की।