रेल यात्रियों को सफर के दौरान आने वाली परेशानियों को जानने के लिए रविवार को रेलवे महाप्रबंधक ने आम यात्री की तरह सचखंड एक्सप्रेस में आगरा से मथुरा तक सफर किया।
शयनयान में रेल यात्रियों ने बात की तो तमाम कमियां उनके सामने आईं। ओवर रेटिंग की शिकायत पर उन्होंने सचखंड की पैंट्रीकार पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। इस दौरान रेलयात्रियों को उन्होंने बाकी समस्याओं के समाधान का भी आश्वासन दिया।
रेलवे की ओर से 26 मई से नौ जून तक रेल यात्री उपभोक्ता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक महेश मंगला ने रविवार को सचखंड एक्सप्रेस में आम यात्री की तरह आगरा से मथुरा तक का सफर किया तो तमाम समस्याएं उनके सामने आईं। यात्रियों से बात की तो पता चला कि ट्रेन की सीटें खराब हैं, शौचालय में पानी नहीं है, खानपान की वस्तुएं ओवर रेटिंग से बिक रही हैं। ओवर रेटिंग की शिकायत मिलने पर उन्होंने सचखंड एक्सप्रेस की पैंट्री कार पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
जंक्शन स्टेशन और कालोनी का निरीक्षण
जीएम महेश मंगला ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ रेलवे कालोनी और जंक्शन रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान कालोनीवासियों ने उन्हें नाली, रोड और सीवर की समस्या से अवगत कराया। इस पर उन्होंने अधीनस्थों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्टेशन पर रेस्टोरेंट, वेटिंग रूम, खानपान की स्टॉल आदि का निरीक्षण किया। रेस्टोरेंट में उन्होंने पूड़ी, सब्जी और प्लेट की भी तोल करा ली। इससे वह संतुष्ट नजर आए।
साहब! आज तो चाय अच्छी है
जंक्शन स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर स्थित रेस्टोरेंट में निरीक्षण के दौरान उन्होंने चाय-नाश्ता कर रहे यात्री उपभोक्ताओं से चाय के बारे में पूछा तो यात्री बोला कि साहब! आज तो अच्छी है चाय। इस पर सभी अधिकारी भी हंस पड़े। अन्य ग्राहक भी खानपान से संतुष्ट नजर आए।
8/9 प्लेटफार्म पर लगेगा वाटर कूलर
जंक्शन रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 8/9 पर यात्रियों की सुविधा के लिए वाटर कूलर न होने की यात्रियों की शिकायत पर उन्होंने अधीनस्थों को वहां वाटर कूलर लगवाने के निर्देश दिए।