मथुरा। मदन मोहन कलावती सरस्वती विद्या मंदिर में विद्या भारती की 38वीं प्रांतीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें बाबू दाऊदयाल एडवोकेट सरस्वती विद्या मंदिर की अंडर-14 वर्ग की बालिकाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में बालिकाओं ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया।
सेमीफाइनल मुकाबले में विद्यालय की टीम ने सरस्वती विद्या मंदिर एटा की टीम को लगातार दो सेटों में 25-11 और 25-13 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में टीम का सामना रतनलाल फूल कटोरी देवी सरस्वती बालिका विद्या मंदिर की टीम से हुआ। विद्यालय की खिलाड़ियों ने लगातार दो सेटों में जीत दर्ज कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। बालिकाओं की उपलब्धि पर विद्यालय के अध्यक्ष नगेन्द्र मोहन मित्तल, प्रबंधक सोनल अग्रवाल, हर्ष कुमार अग्रवाल, तथा प्रधानाचार्य लतेश कुमार ने बधाई दी है।