वृंदावन। सराफा बाजार क्षेत्र निवासी दो लोगों द्वारा एक होटल के कमरे में बुलाई गई तीन युवतियों द्वारा अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल कर 30 लाख रुपये की मांग करने का मामला सामने आया है। इस घटना को सुन एक व्यक्ति का भाई बीमार हो गया। दोनों व्यक्तियों की शिकायत पर पुलिस ने वृंदावन कोतवाली में तीनों युवतियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
सराफा बाजार क्षेत्र निवासी दो लोगों ने वृंदावन कोतवाली में दर्ज कराई एफआईआर के मुताबिक पीड़ितों ने 24 मार्च को छटीकरा मार्ग स्थित होटल के एक कमरे में मथुरा के हाईवे थाना क्षेत्र निवासी तीन युवतियों को उनकी सहमति होने पर बुलाया। पीड़ितों ने इसके लिए युवतियों को तीन हजार प्रति युवती के हिसाब से 9 हजार रुपये यूपीआई के जरिए उन्हें भेजे। युवतियां दोनों लोगों से पहले होटल में बुक कमरे में पहुंच गईं और कैमरा फिट कर दिया। इस दौरान युवतियों ने पूरा वाकया वीडियो में कैद कर लिया। इसके बाद 27 मार्च को पीड़ितों के मोबाइल पर युवतियों ने उनकी अश्लील वीडियो भेज दिया और 30 लाख रुपये की मांग की।
इस घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित में एक व्यक्ति के बड़े भाई की तबीयत बिगड़ गई, जिसे फरीदाबाद के मेट्रो हॉस्पिटल में भर्ती करवाना पड़ा। युवतियों को 28 और 29 मार्च को बुलाया और समझौता करने को कहा। 50 हजार रुपये भी युवतियों को दिए, लेकिन युवतियां 15 लाख रुपये की मांग करने लगीं। इंस्पेक्टर क्राइम धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर पर तीन नामजद युवतियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।