मथुरा। ट्रेन के एसी कोच में चोरी की वारदात पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। एसी कोच में सफर के दौरान चोरों ने मौसेरे भाई के साथ सफर कर रही युवती का पर्स गायब कर दिया।
ताजा मामला नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन का है। नासिक निवासी शुभम मौसेरी बहन मृणाल के साथ ट्रेन के एसी कोच संख्या ए 2 की सीट नंबर 42 और 44 पर सफर कर रहे थे। शुभम ने बताया कि बीते शनिवार रात करीब साढ़े दस बजे देहरादून से ट्रेन में सवार हुए थे। मथुरा आकर उन्हें नासिक के लिए दूसरी ट्रेन पकड़नी थी। सुबह ट्रेन गाजियाबाद पहुंची तो उन्होंने देखा कि ट्रेन में रखा मौसेरी बहन मृणाल का बैग गायब था। बैग में आभूषण, कपड़े और अन्य सामान रखा हुआ था।
उन्होंने कोच अटेंडेंट को भी चोरी की जानकारी दी, लेकिन चोर का कोई सुराग नहीं लग पाया। पीड़ित ने जीआरपी थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की। थानाध्यक्ष संदीप तोमर ने बताया कि गाजियाबाद जीआरपी को मामले की जानकारी दे दी गई है। चोरों की तलाश की जा रही है।