मथुरा। हाईवे थाना क्षेत्र की राधा वैली कॉलोनी में शुक्रवार शाम दो साल की मासूम बच्ची को कार ने टक्कर मार दी। बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। परिवार वालों ने कार सवारों पर बच्ची के अपहरण का आरोप लगाया है। आरोप है कि बच्ची के बाबा के मौके पर आने के कारण अपहरण में नाकाम कार सवारों ने भागने के दौरान बच्ची को कार से रौंद दिया। पुलिस मामले को हादसा बता रही हैं।
घटना शुक्रवार शाम 7.30 बजे की है। दीपक गोयल निवासी चौक बाजार, गोविंद नगर ने बताया कि वह अपने बड़े भाई विनोद अग्रवाल निवासी राधा वैली, सेक्टर-4 के यहां गए थे। उनकी दो साल की पौत्री अनाया घर के बाहर खेल रही थी। वह घर से बाहर आए तो देखा कि एक कार में सवार तीन लोगों ने अनाया को गोद में उठा लिया। यह देख उन्होंने शोर मचाकर बच्ची को उनसे छीन लिया। इस पर तीनों लोग कार में सवार होकर भागे।
इसी दौरान बच्ची को कार के पीछे के हिस्से से टक्कर लग गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उसे तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इस प्रकरण में थाना पुलिस को तहरीर दी गई है। मगर, पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है। इधर, इंस्पेक्टर उमेश चंद त्रिपाठी का कहना है कि उन्होंने चौकी इंचार्ज को मौके पर भेज जांच कराई, जिसमें सामने आया कि बच्ची को कार से टक्कर लगी थी। कार सवार भी राधा वैली के ही रहने वाले हैं। अपहरण की बात सही नहीं है। मामला हादसे का है।