प्रेमी के न आने से नाराज प्रेमिका थाने पहुंच गई। उसने हेल्प डेस्क कार्यालय पर विषाक्त का सेवन कर लिया। जैसे ही युवती बेहोश हुई तो पुलिसकर्मियों के पसीने छूट गए। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मथुरा सदर थाना क्षेत्र स्थित सीओ रिफाइनरी कार्यालय के पास बने हेल्प डेस्क कार्यालय पर बुधवार को एक युवती ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। विषाक्त खाने के कारण युवती बेहोश हो गई। आनन-फानन उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
विज्ञापन
थाना प्रभारी निरीक्षक विदेश कुमार ने बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित वनखंडी की रहने वाली युवती का जमुनापार थाना क्षेत्र के गांव डैगरा निवासी युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती का आरोप था कि युवक उसे चार साल तक शादी का झांसा देता रहा।
14 जनवरी को दोनों कोर्ट मैरिज होनी थी, लेकिन युवक अचानक गायब हो गया। इसकी शिकायत युवती ने महिला हेल्प डेस्क पर की। महिला हेल्प डेस्क ने युवती और युवक के परिजन को बुधवार को बुलाया। युवती को अपने भाई और मां के साथ पहुंच गई, लेकिन युवक नहीं आया। इससे क्षुब्ध होकर युवती ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया।