मथुरा। जीआरपी ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 22.208 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। तस्करों में दो युवतियां और एक युवक शामिल हैं।
मंगलवार को जीआरपी को रेलवे स्टेशन क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी, जिस पर तत्परता दिखाते हुए टीम ने तीनों आरोपियों को धर दबोचा। आरोपियों के पास से तीन अलग-अलग बैगों में गांजा बरामद हुआ। आरोपियों ने बताया कि वे दूसरे राज्यों से गांजा लाकर यहां बेचकर मुनाफा कमाते थे। पुलिस की गिरफ्त में आई दोनों युवतियां उड़ीसा की रहने वाली हैं, जबकि मुख्य आरोपी हरियाणा के कुरूक्षेत्र निवासी फैजान है। पुलिस के अनुसार, गिरोह लंबे समय से विभिन्न राज्यों में गांजे की तस्करी कर रहा था। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है।