फरीदाबाद निवासी युवती ने बसपा नेता और उसके दोस्त पर सामूहिक दुराचार का आरोप लगाया है। मामले में छाता कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मुख्य आरोपी छाता के शेरगढ़ रोड निवासी डा. श्याम सुंदर कर्दम बहुजन समाज पार्टी का छाता विधानसभा क्षेत्र का अध्यक्ष रह चुका है। हरियाणा के फरीदाबाद निवासी युवती वहां ब्यूटी पार्लर चलाती है। दो माह पूर्व मोबाइल पर आई मिस्ड काल के बाद से उसकी श्याम सुंदर से बातचीत शुरू हुई थी।
रिपोर्ट में युवती ने आरोप लगाया है कि शनिवार को बसपा नेता श्याम सुंदर कर्दम ने फोन कर उसकी नौकरी लगवाने की बात कही और छाता बुलाया। छाता पहुंचने पर उसे श्याम सुंदर कर्दम और उसका साथी गोपीचंद्र निवासी कोसीकलां गाड़ी में मथुरा में धौलीप्याऊ स्थित होटल लेकर गए। यहां दोनों ने उसके साथ सामूहिक दुराचार किया। देर रात कोसीकलां ले जाकर हाईवे पर छोड़ दिया।
युवती शनिवार की रात ही कोसीकलां थानेे पहुंची था। तब थानाध्यक्ष कोसीकलां के मौजूद न होने पर वो रविवार सुबह आने की कहकर चली गई। रविवार को पूर्वाह्न 11 बजे वह फिर कोसीकलां थाने पहुंची और शिकायत की। जिसके बाद पुलिस ने श्याम सुंदर कर्दम और गोपीचंद्र को हिरासत में ले लिया। दोनों को युवती ने पहचान लिया।
छाता का घटनाक्रम होने के चलते एसएसपी बबलू कुमार के निर्देश पर छाता कोतवाली में युवती की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने युवती का चिकित्सकीय परीक्षण कराया है।
हरियाणा की युवती ने कोसीकलां पुलिस को दो लोगों के अपने साथ सामूहिक दुराचार की शिकायत की थी। महिला का मेडिकल कराया गया है। मामले में श्याम सुंदर और गोपीचंद्र नाम के युवक को गिरफ्तार किया गया है।
-बबलू कुमार, एसएसपी
मिस्ड कॉल से हुई जान-पहचान
हरियाणा के फरीदाबाद में ब्यूटी पार्लर चला रही पीड़िता से बसपा नेता श्याम सुंदर कर्दम की जान-पहचान एक मिस्ड कॉल से शुरू हुई। मोबाइल पर वार्ता के दौरान युवती ने ब्यूटी पार्लर से होने वाली आय से गुजारा नहीं होने के बारे में बताया। जिस पर बसपा नेता ने उसे कोसीकलां और छाता की कंपनियों में 30-40 हजार रुपये प्रति माह की नौकरी दिलवाने का झांसा दिया।