नौहझील। गोवर्धन रोड स्थित एक फार्महाउस में बहन की लगन सगाई समारोह के दौरान चचेरे भाई की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने रविवार को आरोपी पवन को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इधर, परिजन ने रविवार को गजेंद्र का अंतिम संस्कार किया गया। वारदात के बाद शादी कार्यक्रम रद्द कर दिया है। परिवारों में तय हुआ है कि सोमवार को सिर्फ वर-वधू की भांवर डलवाई जाएंगी।
आरोपी पवन को यह संदेह था कि उसकी पत्नी और चचेरा भाई गजेंद्र एक-दूसरे से मोबाइल पर बातचीत करते हैं। परिवार के लोगों ने भी कई बार दोनों को समझाने और विवाद समाप्त कराने का प्रयास किया था, लेकिन पवन का शक लगातार बढ़ता गया। शनिवार को कार्यक्रम के दौरान गजेंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी, जिसके बाद युवती की सगाई का कार्यक्रम रद्द हो गया था। पुलिस ने रविवार को पवन को कोर्ट में पेश किया। इधर, पोस्टमार्टम के बाद गजेंद्र के शव को परिजन नौहझील के गांव पारसौली लेकर पहुंचे। गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। परिवार वालों ने घटना के बाद युवती की शादी समारोह के कार्यक्रम को रद्द कर दिया है। सीओ प्रवीन तिवारी ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
धूमधाम नहीं, गमगीन माहौल में पड़ेंगी भांवर
जिस परिवार में शादी की खुशियां थी, वहां अब मातम पसरा है। सोमवार को घर में बैंड-बाजे और बरात के स्वागत की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, वहां अब गमगीन माहौल में केवल विवाह की आवश्यक रस्में संपन्न कराई जाएंगी। परिजन के अनुसार भाई के जेल जाने और परिवार में हुई घटना से युवती पूरी तरह टूट गई है। घर में मौजूद रिश्तेदार भी शोक में डूबे हैं और शादी की सभी तैयारियां फीकी पड़ गई हैं। रविवार को दिनभर वर-वधु पक्ष के बीच मंथन चलता रहा। सामाजिक और पारिवारिक परिस्थितियों को देखते हुए निर्णय लिया गया कि सोमवार होने वाली शादी में बरात नहीं आएगी। किसी भी प्रकार का बैंड-बाजा, आतिशबाजी या अन्य उत्सव भी नहीं होगा।