चौमुहां (मथुरा)। थाना जैंत क्षेत्र में कार में बैठे युवक को दो दोस्त गोली मारकर हाईवे स्थित कोटा फ्लाईओवर के पास पटक गए। गोली युवक के सीने से लगती हुई शरीर में फंस गई। राहगीरों ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है।
घायल युवक के पिता सतीश ने दो नामजद दोस्तों के खिलाफ थाना जैंत पर मुकदमा दर्ज कराया है। थाना हाईवे के ग्रीन वैली निवासी सतीश ने दर्ज कराए मुकदमे में बताया कि उसका पुत्र प्रदीप उर्फ अन्नू परिवार सहित थाना गोविंद नगर स्थित राधेश्याम कॉलोनी में रहता है। एमपी के दतिया निवासी विपिन व सोहेल यादव के साथ बेटा गुजरात की एक फैक्ट्री में काम कर चुका है, इसके कारण तीनों में दोस्ती थी।
बृहस्पतिवार को विपिन व सोहेल ने उनके बेटे को बुलाया और कार से कोटा फ्लाईओवर के पास ले गए। यहां किसी बात पर विवाद होने पर दोनों ने बेटे को गोली मार दी। बेटे की हालत नाजुक बनी हुई है। सीओ सदर संदीप कुमार सिंह ने बताया तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।