बलदेव। बलदेव में प्रसिद्ध अगहन पूर्णिमा लक्खी मेले में आस्था के साथ-साथ ठगी का खुला खेल चल रहा है। मेले में युवाओं को एक हजार रुपये जीतने का लालच देकर खुलेआम ठगा जा रहा है।
खेल के नाम पर स्टील की चिकनी रॉड पर दो मिनट तक लटकने की चुनौती दी जाती है। जिसमें सफल होने पर एक हजार रुपये देने का दावा किया जाता है, जबकि हकीकत में किसी को भी यह इनाम मिलते नहीं देखा गया। इस खेल में भाग लेने के लिए प्रत्येक युवक से सौ रुपये का शुल्क वसूला जा रहा है। दिनभर युवाओं की भीड़ लगी रहती है। चिकनी स्टील रॉड पर पकड़ बनाना लगभग असंभव होता है, इसके बावजूद आयोजक भोले-भाले युवाओं को झांसे में लेकर लगातार वसूली कर रहे हैं।
लोगों का कहना है कि यह खेल नहीं बल्कि जुए का बदला हुआ स्वरूप है। जिसे चालाकी से मनोरंजन का नाम देकर चलाया जा रहा है। आस्था और परंपरा के नाम पर लगने वाले मेले में इस तरह की गतिविधियों से मेले की गरिमा धूमिल हो रही है। सबसे बड़ी बात कि प्रशासन की ओर से भी इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे खेलों पर तत्काल रोक लगाई जाए, ताकि युवाओं को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके। संवाद