मथुरा। रामलला प्राण प्रतिष्ठा मोहत्सव के मद्देनजर सोमवार सुबह से ही के.डी. मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर का माहौल भक्तिभाव में डूबा नजर आया। छात्र-छात्राएं भगवान श्रीराम के जयकारे लगाते रहे, वहीं दूसरी 108 सुंदरकांड पाठ के बीच श्रीअखिलेश्वर महादेव मंदिर का नौवां स्थापना दिवस मनाया।
शाम साढ़े पांच बजे से साढ़े छह बजे तक भजन-कीर्तन तथा आरती के बाद दीपोत्सव कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल, धर्मपत्नी विनय अग्रवाल, प्रबंध निदेशक मनोज अग्रवाल व अरुण अग्रवाल सहित चिकित्सक, प्राध्यापक व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। इससे पहले रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए बड़ी एलईडी लगाई गई। सुंदरकांड पाठ के बाद कन्याओं को भोज कराया गया।
डॉ.अग्रवाल ने कहा कि सुख समृद्धि एवं शांति से परिपूर्ण जीवन के लिए सदाचारी होना ही पहली शर्त है। हमें यह दुर्लभ मानव जीवन किसी भी कीमत पर निरर्थक और उद्देश्यहीन नहीं जाने देना चाहिए। आचार्य करपात्री द्विवेदी ने बताया किहनुमानजी की आराधना से सभी ग्रहों का दोष शांत हो जाता है। श्रीअखिलेश्वर महादेव मंदिर के प्रतिष्ठापन समारोह में आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के शैक्षिक संस्थानों के डीन और प्राचार्य डॉ. आर.के. अशोका, डॉ. राजेन्द्र कुमार, डॉ. देवेन्द्र पाठक, प्रो. नीता अवस्थी व कर्मचारी उपस्थित रहे।