- यमुना एक्सप्रेस-वे के माइल स्टोन 107 और 93 पर हुए हादसे
संवाद न्यूज एजेंसी
टैंटीगांव(मथुरा)। यमुना एक्सप्रेस-वे पर सोमवार रात और मंगलवार सुबह कोहरे के कारण हुए सड़क हादसों में 7 लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस टीम व एक्सप्रेस-वे के सुरक्षाकर्मियों ने एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे मांट थाना क्षेत्र में हुए।
प्रहलाद निवासी कैलाशपुरम गाजियाबाद सोमवार रात कार से गीता पत्नी अमर सिंह, सपना पुत्री अमर सिंह निवासी कैलाशपुरम गाजियाबाद व शिवानी पत्नी विपिन व आर्यन पुत्र विपिन निवासी भिंड मध्य प्रदेश के साथ नोएडा से आगरा की ओर जा रहे थे। सोमवार रात करीब 10 बजे जैसे ही ये सभी माइल स्टोन 107 के समीप पहुंचे थे। तभी पीछे से आ रही बस ने कार को चपेट में ले लिया। हादसे में कार सवार लोग घायल हो गए।
वहीं मंगलवार सुबह 10 यमुना एक्सप्रेस-वे के माइल स्टोन 93 पर आगरा की ओर से दूध लेकर नोएडा की ओर जा रहे दूध के टैंकर में समस्तीपुर (बिहार) से सवारियों के लेकर आ रही बस ने पीछे टक्कर मार दी। हादसे में टैंकर का दूध सड़क पर बिखर गया। बस में सवार कीस कुमार व अजय पासवान निवासीगण समस्तीपुर बिहार घायल हो गए। टोल चौकी प्रभारी धीरज कुमार ने बताया है कि घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया। वाहनों को सड़क से हटवाकर आवागमन सुचारू कराया गया।