मथुरा। आगरा-दिल्ली नेशनल राजमार्ग से गुजरने वाले वाहन अब मथुरा के जाम में नहीं फंसेंगे, कुछ ही महीनों में यहां से गुजरने वाले वाहन रफ्तार से राजमार्ग पार कर सकेंगे। इसके लिए मंडी चौराहे पर 25 करोड़ की लागत से नया फ्लाईओवर तैयार होने जा रहा है। इसकी आधारशिला शनिवार को सांसद हेमा मालिनी ने मंडी चौराहे पर रखी। 25 करोड़ की लागत से बनने वाला यह फ्लाईओवर 450 मीटर लंबा होगा। यह 10 माह में तैयार हो जाएगा।
इसके बनने से वाहनों को मंडी चौराहे पर लगने वाले जाम से निजात मिलेगी।
नेशनल हाईवे पर कोटवन से रैपुराजाट तक मथुरा का करीब 80 किलोमीटर का रास्ता पड़ता है। हाईवे के विस्तारीकरण की प्रक्रिया में अब तक 22 छोटे-बड़े अंडरपास और फ्लाईओवर बन चुके हैं। इसमें शनिवार को एक और फ्लाईओवर की सौगात मथुरा को मिल गई। शहर के मध्य मंडी चौराहा पर लगने वाले जाम को देखते हुए 25 करोड़ की लागत से नया फ्लाईओवर तैयार होगा।
इसकी आधारशिला रखते हुए सांसद हेमामालिनी ने कहा कि पिछले छह सालों में मथुरा को हाईवे पर सबसे अधिक फ्लाईओवर मिले हैं। इससे मथुरावासियों के साथ बाहरी लोगों को भी सुविधाएं मिली हैं। 25 करोड़ की लागत से बनने वाला यह फ्लाईओवर 450 मीटर लंबा होगा। यह 10 माह में तैयार हो जाएगा। इस मौके पर जनार्दन शर्मा, राजेश सिंह पिंटू, हेमंत अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
अब तक यहां बन चुके हैं फ्लाईओवर
मथुरा जनपद में कोटवन से फरह के रैपुराजाट तक की सीमा में कोसीकलां, दौताना, बरसाना क्रॉसिंग, छाता, संस्कृति यूनिवर्सिटी के सामने, नरी सैमरी, अकबरपुर, चौमुहां, जीएलए यूनिवर्सिटी के सामने, छटीकरा, केडी मेडिकल कॉलेज के सामने, माहेश्वरी अस्पताल के सामने गोकुल रेस्टोरेंट के निकट, गोवर्धन चौराहा, जयगुरुदेव, औरंगाबाद तिराहा, टाउनशिप तिराहा, बिग बाजार, रिफाइनरी गेट नंबर सात, रिफाइनरी गेट नंबर नौ, फरह रैपुराजाट, बाद, रैपुराजाट पर फ्लाईओवर बनाए गए हैं।
कोसीकलां व शनिदेव मंदिर तिराहे का भी प्रस्ताव
हाईवे पर आगरा व दिल्ली के बीच कोसीकलां कस्बे में क्रॉसिंग पर दो जगह सबसे ज्यादा जाम लगता है। इसके लिए कोसीकलां चौराहा व शनिदेव मंदिर तिराहे पर फ्लाईओवर बनाने को लेकर प्रस्ताव एनएचएआई के पास भेजा गया है। इसमें कोसीकलां के जनप्रतिनिधियों ने कोसीकलां क्रॉसिंग पर पुल बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही है। एनएचएआई के अधिकारी ने बताया कि दोनों प्रस्ताव भेजे गए हैं। कोई एक पुल बनाने पर सहमति बन सकती है।