आगरा-दिल्ली हाईवे पर कोल्डड्रिंक के प्लांट वरुण बैवरेज लिमिटेड के बैटरी कक्ष में मंगलवार को सुबह आग लग गई। इसमें करीब दो करोड़ रुपये कीमत की 320 बैटरी और अन्य उपकरण जलकर राख हो गए। आग पर तीन दमकलों की मदद से करीब चार घंटे में काबू पाया जा सका। आग बुझाने के प्रयास में फैक्ट्री का एक सुरक्षा गार्ड झुलस गया। कंपनी के डिप्टी जीएम ने मामले की रिपोर्ट छाता कोतवाली में दर्ज कराई गई है।
हाईवे पर गांव अजीजपुर के समीप के वरुण बैवरेज लिमिटेड नाम से कोल्डड्रिंक निर्माता कंपनी पेप्सिको का प्लांट है। मंगलवार को सुबह करीब सात बजे फैक्ट्री में बने बैटरी कक्ष में अचानक लपटों के साथ धुआं उठने लगा। इससे प्लांट में काम कर रहे कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। फैक्ट्री में मौजूद संसाधनों से कर्मचारी आग बुझाने में जुट गए। गार्ड शंकर ने फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी।
शंकर आग बुझाने के प्रयास में झुलस गए। सूचना पर दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची लेकिन हालात काबू में न आने पर मथुरा से दो गाड़ी और बुलाई गईं। सूचना पर एसडीएम रामअरज यादव भी मौके पर पहुंच गए। बताया गया है कि यूपीएस केबिन में बैट्री से हुई शॉर्ट सर्किट से आग लगी। इससे 320 बैट्री, चार पैनल, पांच एसी और पूरी छत जलकर स्वाहा हो गई। दमकलों ने करीब चार घंटे में आग पर काबू पाया। घटना की रिपोर्ट कंपनी के डिप्टी जीएम एआर मलिक ने छाता कोतवाली में दर्ज कराई है। मलिक के अनुसार करीब दो करोड़ का नुकसान हुआ है।