वृंदावन। रुक्मिणी विहार गेट पर दो दिन पहले हड़ताल करने वाले ई-रिक्शा चालकों ने अन्य ई-रिक्शा चालक के साथ मारपीट, गाली-गलौज और तोड़फोड़ कर कर रोकने का प्रयास किया। इस मामले में एक पीड़ित ई-रिक्शा चालक ने कोतवाली में 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने घटना की वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
राजपुर निवासी अजय मलिक ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। बीते रविवार की दोपहर वह अपने ई-रिक्शा में प्रेम मंदिर से ओमैक्स की तरफ यात्रियों लेकर जा रहा था। जैसे ही उसका ई-रिक्शा रुक्मिणी विहार गेट के पास पहुंचा तो वहां पहले से ही ई-रिक्शा संचालन को लेकर हड़ताल कर रहे चालकों ने उसे जबरन रोक लिया। हाथों में लाठी-डंडे लिए लगभग 10-12 अज्ञात व्यक्तियों ने उसके रिक्शा से सवारियों को जबरन नीचे उतार दिया।
जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। आरोपियों ने ई-रिक्शा के एक्सीलेटर का तार भी तोड़ दिया और उसे गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी। सीओ सदर वरुण मिश्रा ने बताया कि ई रिक्शा चालक की शिकायत पर 12 अज्ञात के विरुद्ध बीएनएस की धारा 191(2) बलवा करने, 126(2) जबरन अवरोध सहित कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। उप निरीक्षक प्रवीण कुमार को जांच सौंपी गई है।