मथुरा। बिजली चोरी पर अंकुश लगाने, राजस्व बढ़ाने और लाइन हानि कम करने के उद्देश्य से विद्युत अधिकारियों ने शुक्रवार को जनपदभर में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच कर 53 मामलों में बिजली चोरी पकड़ी गई। इनमें संबंधित लोगों के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के मुख्य अभियंता राजीव गर्ग ने बताया कि अधिकारियों और कर्मचारियों की अलग-अलग टीमों ने राया क्षेत्र के राया टाउन, मांट क्षेत्र के गांव जरार, खानपुर, सकतपुर और मिथौली, गोवर्धन क्षेत्र के जाजमपट्टी, छटीकरा क्षेत्र के राल, कोसी क्षेत्र के हाई लाइन लॉस फीडर बठैन गेट तथा फरह क्षेत्र में अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान बिजली मीटर, सर्विस केबल, विद्युत लाइनें और उपभोक्ता परिसर का निरीक्षण किया गया। अभियान में 141 किलोवाट भार की बिजली चोरी पकड़ी गई। सहायक अभियंता (रेड) शुभम अग्रवाल ने बताया कि अभियान का उद्देश्य बिजली चोरी पर प्रभावी नियंत्रण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना है।