सरकार की इस योजना के तहत किसान ड्रोन, शुगरकेन हार्वेस्टर, मल्च लेयर और अन्य आधुनिक कृषि उपकरणों पर अनुदान प्राप्त कर सकेंगे। निर्धारित समय सीमा के बाद कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अनुदान पर कृषि यंत्र प्राप्त करने के इच्छुक किसानों के लिए सोमवार का दिन महत्वपूर्ण है। कृषि विभाग विभिन्न श्रेणी के कृषि यंत्रों की ऑनलाइन बुकिंग आज दोपहर 12 से रात 12 बजे तक कराएगा। निर्धारित समयावधि में आवेदन करने वाले किसान ही योजना का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
विज्ञापन
उप कृषि निदेशक कार्यालय से जारी सूचना के अनुसार बुकिंग विभाग की आधिकारिक वेबसाइट agriculture.up.gov.in पर की जाएगी। किसान अपनी आवश्यकता के अनुरूप मानवचलित एवं शक्तिचलित कृषि यंत्रों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
इसमें कृषि रक्षा उपकरण, मल्च लेयर, शुगरकेन हार्वेस्टर (सेल्फ प्रोपेल्ड), ऑयल मिल विद फिल्टर प्रेस, कस्टर हार्वेस्टर प्लांटर, फार्म मशीनरी बैंक, किसान ड्रोन, एग्रीगेटर सहित कई अन्य कृषि यंत्रों पर अनुदान का लाभ दिया जाएगा।
विज्ञापन
कृषि उप निदेशक आवेश कुमार सिंह ने बताया कि किसान निर्धारित समय के भीतर पोर्टल पर आवेदन करें। समय सीमा समाप्त होने के बाद किसी भी प्रकार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।