नौहझील। थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन और दबंगई का मामला सामने आया है। इनायतगढ़ के एक किसान ने अवैध खनन और फसल बर्बादी का विरोध किया तो दबंगों ने उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि किसान को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश। हमले में पीड़ित के एक पैर में फ्रैक्चर हो गया है। पीड़ित की पत्नी ने मौके पर पहुंचकर बमुश्किल पति की जान बचाई। अब पीड़ित ने दो नामजदों और तीन अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव इनायतगढ़ निवासी किसान बाबूलाल बघेल ने बताया कि वह अपने खेत पर काम कर रहे थे। इसी दौरान चंदेश निवासी अड्डा जाटव, फिरोजपुर जबरन खेत के बीच से ट्रैक्टर निकालकर फसल को खराब कर रहा था। जब बाबूलाल ने विरोध किया, तो आरोपी ने फोन कर गांव से पांच अन्य साथियों को बुला लिया। नामजदों ने किसान बाबूलाल और उनकी पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि दबंगों ने बाबूलाल के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया।
इस पर पीड़ित की महिला ट्रैक्टर के आगे लेट गई। इस पर आरोपियों ने डंडों से दंपति के साथ फिर से मारपीट की। सीओ संदीप कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर चंदेश और सत्यप्रकाश निवासी अड्डा जाटव और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।