प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान से प्रेरित टॉयलेट एक प्रेमकथा की शूटिंग दूसरे दिन शाम छह बजे तक चली। खिलाड़ियों के खिलाड़ी अक्षय कुमार की दूरी से उनके समर्थक मायूस दिखे।
सुबह करीब आठ बजे बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार मर्सिडीज गाड़ी से उतरे। आसमानी कलर का ट्रैक सूट पहने हुए अक्षय कुमार गाड़ी से उतरते ही पीछे के गेट से धर्मशाला में प्रवेश कर गए।
ज्ञान मोहल्ला स्थित बंटावारी कुंज के समीप पुरानी धर्मशाला में फिल्म के छह सीन शूट किए गए। तीन सीन को लंच से पहले और तीन सीन को लंच के बाद शूट किया गया। शूटिंग शुरू होते ही धर्मशाला को चारों ओर से पुलिसकर्मियाें और सिक्योरिटी गार्ड ने घेर लिया। फिल्म से जुड़े लोगों को छोड़कर किसी को भी धर्मशाला के अंदर प्रवेश नहीं दिया गया।
दोपहर करीब डेढ़ बजे तक शूटिंग चली। इसके बाद अभिनेता और अभिनेत्री के साथ-साथ अन्य सहकर्मियों ने लंच किया। करीब साढ़े तीन बजे से फिर अपने काम में जुट गए। अक्षय को धर्मशाला के पीछे के गेट से निकाला गया। खिलाड़ियों के खिलाड़ी की एक झलक पाने को समर्थक घंटो सड़काें और धर्मशाला के गेट पर खडे़ रहे। जाते वक्त अक्षय ने बादामी रंग का कुर्ता, स्वेटर और सफेद पजामा पहन रखा था।
घर में टॉयलेट न पाकर नाराज हुई विमला
पीएम मोदी के स्वच्छता अभियान को ध्यान में रखते हुए बनाई जा रही फिल्म के माध्यम से खुले में शौच से बचने के लिए जनजागरूकता फैलाई जा रही है। फिल्म में अक्षय का नाम केशव और भूमि पेडनेकर का नाम विमला रखा गया है। हालांकि निदेशकों की टीम फिल्म के बारे में कुछ भी बताने को तैयार नहीं है। शूट हुए दृश्यों के बारे में स्थानीय लोगों में चर्चाएं जरूर हैं। शूटिंग के पहले दिन रविवार देर शाम हुई शूटिंग में केशव और विमला की सगाई की रस्म की गई। विमला को पता लगता है कि घर में शौचालय नहीं है। इस पर विमला नाराज हो जाती है और शादी के लिए शौचालय बनवाने की शर्त रखती है। इस दौरान केक भी काटा जाता है।
अक्षय ने नहलाईं भैंस, भूमि ने चूल्हे पर बनाई रोटियां
सूत्रों की मानें तो शूटिंग के दूसरे दिन सोमवार को फिल्म टायलेट एक प्रेम कथा में छह दृश्यों को फिल्माया गया। इस दौरान चर्चा है कि केशव बने अक्षय ने ज्ञान मोहल्ला स्थित अपने घर में भैंसों को चारा डाला और उन्हें नहलाया भी। वहीं विमला बनीं भूमि ने चूल्हे पर रोटियां सेकीं। लोगों में चर्चा है कि भूमि का कुएं से पानी लाने वाला सीन भी शूट किया गया।
सादा जीवन में विश्वास रखते हैं अक्षय
दो दिन शूटिंग के दौरान बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार से वार्ता नहीं हो सकी, लेकिन कई दिनों से अक्षय के साथ रह रहे नंदगांव निवासी डा. दीनदयाल शर्मा ने बताया कि अक्षय में बनावटी पन नहीं है। वे सादा जीवन में यकीन रखते हैं। उन्हें जानवरों से उन्हें बेहद लगाव है। वे रोजाना सुबह चार बजे जागकर करीब दो घंटे एक्सरसाइज करते हैं। आधा घंटा रोजाना प्रार्थना के लिए भी निकालते हैं।