यूं तो चुनाव को लेकर ढेरों इंतजाम किए गए थे लेकिन फिर भी कई समस्याएं मतदान के दौरान आती दिखीं। कहीं मतदान केंद्रों पर ईवीएम जवाब दे गई थी तो कहीं वोट की पर्ची न मिलने से लोग परेशान दिखे।
तमाम ऐसे भी थे जिन्हें यही नहीं पता चल रहा था कि मतदान केंद्र के किस बूथ पर उनका वोट पड़ेगा। मथुरा, गोवर्धन, छाता, बलदेव और मांट विधानसभा के कई मतदान केंद्रों पर ईवीएम जवाब दे गईं थीं।
हालांकि इनके स्थान पर दूसरी वोटिंग मशीनों को लगाकर मतदान शुरू करा दिया गया था लेकिन इससे कुछ देर के लिए वोटिंग प्रभावित हो गया था। मांट विधानसभा के राजागढ़ी, बरौंट, ऊदर, भैंसारा, बरेहना, इनायतगड़ और मिठोली के मतदान केंद्रों पर ईवीएम खराब हो गई थी।
वृंदावन में पर्ची नहीं मिलने पर बसंतीबाई बूथ पर हल्ला मच गया था। हालांकि बाद में पर्ची उपलब्ध करा दी गई थी। रिफाइनरी क्षेत्र में वोट की पर्ची न मिलने पर भी लोग परेशान रहे। चौहमुहा में भी पर्ची का हल्ला मचता रहा। स्थिति यह थी कि किसी को तो पर्ची मिली ही नहीं थी जबकि कुछ को डबल-डबल पर्ची दे दी गई थी।
इसे लेकर भी लोग परेशान रहे। वहीं मथुरा के महाराजा अग्रसेन इंटर कालेज में बने बूथ पर ईवीएम खराब हो गई थी। सदर बाजार क्षेत्र के बूथ पर भी ईवीएम खराब थी। बदलने के बाद ही वोटिंग शुरू हो सकी।