मथुरा। यदि आपके घर या प्रतिष्ठान का बिजली का बिल समय पर नहीं पहुंच रहा है तो अब परेशान होने की जरूरत नहीं है। विद्युत निगम ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए मोबाइल नंबर अपडेट कराने हेतु 8010957826 व्हाट्सएप नंबर सेवा शुरू की है। इसके माध्यम से उपभोक्ता अपना मोबाइल नंबर दर्ज कराकर बिजली बिल और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं सीधे अपने फोन पर प्राप्त कर सकेंगे।
दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के मुख्य अभियंता राजीव गर्ग ने बताया कि बड़ी संख्या में ऐसे उपभोक्ता हैं जिनके मोबाइल नंबर निगम के रिकॉर्ड में अपडेट नहीं हैं या पुराने नंबर दर्ज होने के कारण उन्हें समय पर बिजली बिल की जानकारी नहीं मिल पा रही है। इसके चलते कई बार उपभोक्ताओं पर अनावश्यक बकाया बढ़ जाता है और उन्हें अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ता है।
निगम आंकड़ों के अनुसार जनपद में करीब 1.65 लाख स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं पर एक माह का लगभग 62 करोड़ रुपये का बिजली बिल बकाया है। उपभोक्ता व्हाट्सएप नंबर 8010957826 पर अपना खाता संख्या (अकाउंट नंबर) और आवश्यक विवरण भेजकर मोबाइल नंबर अपडेट करा सकते हैं।