मथुरा में आंधी ने जमकर तबाही मचाई। विद्युत खंभे पर चढ़ा विद्युतकर्मी आंधी में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं आश्रम की बिल्डिंग की दीवार की चपेट में तीन मकान आ गए, जिसकी वजह से चार साल की बच्ची सहित नौ लोग घायल हो गए।
मथुरा में शुक्रवार दोपहर में आफत भरी आंधी आई। गोवर्धन में विद्युत खंभे पर चढ़े एक विद्युतकर्मी की आंधी के झोंके से नीचे गिरने पर मौत हो गई। वहीं, शहर कोतवाली इलाके के कृष्णा नगर में जैन चौरासी संस्था के आश्रम की बिल्डिंग की दीवार तीन मकानों पर गिर गई। इसमें चार साल की बच्ची सहित नौ लोग घायल हो गए। तीन की हालत गंभीर है। सभी उपचाराधीन हैं। संस्था के संचालकों के खिलाफ पुलिस की तहरीर दी गई है। वहीं, महावन में रजिस्ट्री कार्यालय की छत पर टावर गिर गया। इससे बड़ा हादसा होने से बच गया।
विज्ञापन
शुक्रवार दोपहर तीन बजे करीब शहर से लेकर देहात के इलाकों में एक साथ आंधी आई। इसके बाद हल्की बारिश भी हुई। आंधी के दौरान गोवर्धन उपकेंद्र पर तैनात संविदा लाइनमैन राकेश (45) निवासी दाऊजी, बागड़ी वाली प्याऊ इलाके में लगे खंभे पर विद्युत लाइन को ठीक करने के चढ़ा था। नीचे इसका साथी कन्हैयालाल शर्मा खड़ा था। तभी तेज आंधी आई और झोंके के साथ राकेश नीचे आ गिरा। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कन्हैयालाल उसे सीएचसी में लेकर गया। वहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
इधर, शहर कोतवाली के कृष्णा नगर इलाके में स्थित जैन चौरासी संस्था के आश्रम की दीवार बराबर बने तीन मकानों पर गिर गई। इसमें तीन परिवार के नौ लोग घायल हो गए। घायलों में पूरन, इनकी पत्नी सीमा, चार साल की बेटी रोशनी, भाई डोरीलाल, भाभी मधु घायल हो गए। वहीं, दूसरे परिवार के गोपाल और उनकी पत्नी शिवा, तीसरे परिवार के सतीश और उनकी पत्नी मछला घायल हो गई।
आंधी के कारण टूटे तार, गुल हुई बिजली
आंधी के कारण शहर से लेकर देहात तक कई जगह विद्युत तार टूट गए। इसके कारण बिजली गुल हो गई। वहीं, कई इलाकों में पेड़ भी गिर गए।