पहले दिन नौ सेवायतों ने किया नामांकन
- फोटो : अमर उजाला वृंदावन
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के राजभोग और शयनभोग की जिम्मेदारी निभाने वाले चार सदस्यों के पदों के लिए शुक्रवार को नौ सेवायतों ने नामांकन किया। शुक्रवार को सुबह 10 बजे से ही नामांकन के लिए गोस्वामियों में खासा उत्साह दिखाई दे रहा था। शाम चार बजे तक नामांकन प्रक्रिया पूरी की गई।
नामांकन से पहले प्रत्याशियों ने अपनी जीत के लिए समर्थकों के साथ ठाकुर बांकेबिहारी महाराज का पूजन-अर्चन भी किया। इसके बाद मंदिर कार्यालय में नामांकन कराया।
पहले दिन राजभोग सेवाधिकारी के लिए रोमेश गोस्वामी, ब्रज बिहारी गोस्वामी, बालकृष्ण गोस्वामी और शैलेंद्र गोस्वामी ने नामांकन किया। शयनभोग के लिए प्रह्लाद बल्लभ गोस्वामी, विलाशचंद्र गोस्वामी, रोहित गोस्वामी, गौरव गोस्वामी और बसंत गोस्वामी ने नामांकन किया।
नामांकन फार्म सेवायतों ने अधिवक्ता बद्री प्रसाद सिंह के कार्यालय में न होने पर कार्यवाहक निर्वाचन अधिकारी मोहनलाल गौतम और सह निर्वाचन अधिकारी उमेश सारस्वत को दिया। इधर मंदिर कार्यालय में चुनाव प्रक्रिया के अंतर्गत नामांकन के पहले दिन युवा वर्ग विशेष रूप से अपनी भागीदारी इस चुनाव में सुनिश्चित कर सक्रिय भूमिका निभाता नजर आया।
प्रत्याशियों की स्थिति जानने के लिए मतदाता पल-पल की स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए थे। सह निर्वाचन अधिकारी उमेश सारस्वत ने बताया कि नामांकन की प्रक्रिया दो अप्रैल को भी जारी रहेगी। नाम वापसी की तारीख तीन अप्रैल रखी गई है।