मथुरा। श्री अग्रवाल शिक्षा मंडल में अग्रवाल शिक्षा मंडल का विलय हो गया। इससे शहर की कई प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थाओं के संचालन को लेकर चल रहा विवाद समाप्त हो गया। रविवार की शाम चंपा अग्रवाल बाल मंदिर में दोनों संस्थाओं के पदाधिकारियों की बैठक में यह निर्णय लिया गया। सभी पदाधिकारियों की सहमति से चुनाव की तिथि तय होगी, जिसमें नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। अग्रवाल शिक्षा मंडल के 16 सदस्य श्री अग्रवाल शिक्षा मंडल में शामिल होने के बाद अब सदस्यों की कुल संख्या 151 हो गई है।
बीएसए डिग्री कॉलेज में प्राचार्य और रीडर के बीच वेतन को लेकर चले विवाद के बाद कॉलेज के संचालन का दावा करने वाले अग्रवाल शिक्षा मंडल और श्री अग्रवाल शिक्षा मंडल के बीच डीएम सर्वज्ञराम मिश्र और एसडीएम क्रांतिशेखर सिंह की मध्यस्थता में हुए समझौते का मामला भी उठा। 30 अगस्त 2020 को समझौते के तहत दोनों संस्थाओं का विलय किया गया था, जिसमें समाजसेवी प्रमोद गर्ग कसेरे और अनुज गर्ग ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। बीएसए डिग्री कॉलेज में हुए विवाद के बाद मैनेजमेंट में बिखराव की स्थिति फिर सामने आई। इस पर श्री अग्रवाल शिक्षा मंडल द्वारा संचालित बीएसए कॉलेज के सचिव राजेश अग्रवाल (प्रेस वाले) ने विवाद समाप्त करने के प्रयास शुरू किए। अंतत: शनिवार को प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें रविवार की शाम को चंपा अग्रवाल बाल मंदिर में सभी प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक करने का निर्णय लिया गया। इसी के तहत शाम सात बजे बैठक हुई। समाजसेवी प्रमोद गर्ग कसेरे और अग्रवाल शिक्षा मंडल के अनुज गर्ग ने बताया कि अग्रवाल शिक्षा मंडल का श्री अग्रवाल शिक्षा मंडल में विलय हो गया है। अब कोई विवाद नहीं है। चुनाव के बाद नई कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी।
बैठक में श्री अग्रवाल शिक्षा मंडल के अध्यक्ष गोविंद चौधरी, सवि रजनीकांत, कंचन लाल अग्रवाल, विनोद गर्ग कसेरे, महीपाल शोरावाले एडवोकेट, उमाशंकर एडवोकेट, अरविंद एडवोकेट, गोविंद प्रसाद खांड़ वाले, महेश चंद्र आदि मौजूद थे।
श्री अग्रवाल शिक्षा मंडल करेगा नौ शिक्षण संस्थाओं का संचालन
शहर के प्रमुख शिक्षण संस्थान बीएसए डिग्री कॉलेज, चंपा अग्रवाल इंटर कॉलेज, चंपा अग्रवाल बाल मंदिर, बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज, ब्रज चिकित्सा संस्थान, प्रेमदेवी गर्ल्स इंटर कॉलेज, ब्रज चिकित्सा नर्सिंग स्कूल, रमनलाल शोरावाला आई हॉस्पिटल, एएसएम कॉलेज का संचालन श्री अग्रवाल शिक्षा मंडल द्वारा किया जाएगा।